
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा करीब 6000 कर्मचारियों का कोरोना और एंटी बॉडी टेस्ट कराया है. इसकी पहले ही घोषणा कंपनी की ओर से कर दी गयी थी. यह पहले फेज में 6000 कर्मचारियों का कोरोना और एंटी बॉडी टेस्ट कराया गया था. इस टेस्ट के दौरान यह मालूम चला है कि कई कर्मचारी कोरोना पोजिटिव कभी न कभी हुए थे, जो अब ठीक हो चुके है. मतलब अपने आप सारे लोग कोरोना पोजिटिव होने के बाद ठीक भी हो गये है. इसकी सही संख्या अब तक अधिकारिक तौर पर नहीं दी गयी है, लेकिन इस रिपोर्ट के आने के बाद हड़कंप मच गया है. इसकी वजह यह है कि जब कोरोना संक्रमित कोई कर्मचारी हुआ था, उस वक्त वह कितने लोगों के संपर्क में आया और उससे कितने लोग प्रभावित हुए, यह जांच करना बड़ी बात हो जायेगी. अब इसकी जांच करने की कोशिश कंपनी के स्तर पर चल रहा है. वैसे जो कोरोना या एंटी बॉडी टेस्ट कराया गया है, उसमें कोरोना पोजिटिव होने के बाद खुद से ठीक होने वाले कर्मचारियों में स्थायी और ठेका कर्मचारी भी शामिल है. अब उनके संपर्कों का पता लगाया जा रहा है. आपको बता दें कि एंटी बॉडी टेस्ट के तहत यह पता चलता है कि कोई व्यक्ति कोरोना पोजिटिव हो गया हो और इम्यून सिस्टम के जरिये वह खुद से ठीक हो जाता है. ऐसा कई देश और प्रदेशों में भी हो चुका है. अब कंपनी में भी कराया गया है, जिसके बाद उक्त कर्मचारी के संपर्क में आने वाले संक्रमितों का पता लगाया जा रहा है.
टाटा स्टील में कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई
टाटा स्टील द्वारा कोरोना वायरस (कोविड-19) को लेकर कंपनी की ओर से जारी गाइडलाइंस का उल्लंघन करने, अपने कांटैक्ट हिस्ट्री, ट्रैवल हिस्ट्री को छुपाने वाले कई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है. कर्मचारियों और अधिकारियों को नोटिस जारी की गयी है. उनको कारण बताओ नोटिस का जवाब देने को कहा गया है. सभी को चार्जशीट थमाया गया है. करीब एक दर्जन ऐसे कर्मचारियों और अधिकारियों को नोटिस दिया गया है. हालांकि, इस बारे में अब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है. बताया जाता है कि उपरोक्त लोगों ने कोरोना वायरस के नियमों का उल्लंघन किया गया था और उनके कारण कोरोना का खतरा बढ़ा और कई लोग संक्रमित भी हुए. आपको बता दें कि कंपनी प्रबंधन ने इसको लेकर सख्ती बरती है. पहले से ही चेतावनी दे दी है कि जो भी कर्मचारी या अधिकारी कोरोना को लेकर जरा सी भी लापरवाही या नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

















