सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला का राजनगर प्रखंड कार्यालय बीते शनिवार से अचानक चर्चा का विषय बन गया, जब कार्यालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज में रहस्यमयी रोशनी नजर आयी. इस अद्भुत नजारे ने कर्मचारियों और पदाधिकारियों को हैरत में डाल दिया. जानकारी के अनुसार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मलय कुमार शनिवार दोपहर किसी काम से सीसीटीवी फुटेज देख रहे थे. इसी दौरान उन्होंने शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे का दृश्य देखा, जिसमें अचानक एक तेज प्रकाश कार्यालय परिसर में घूमता हुआ दिखाई दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)
कुछ देर बाद यह रोशनी गायब हो गई, लेकिन रात करीब 12:57 बजे तक यह कई बार दोबारा नजर आती रही. इस विचित्र घटना को देखकर बीडीओ समेत सभी कर्मचारी अचंभित रह गए और कार्यालय परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ लोगों ने इसे प्राकृतिक घटना बताया, तो कुछ ने इसे रहस्यमयी और अलौकिक घटना मानते हुए तरह-तरह के कयास लगाए. फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रख लिया गया है और मामले को लेकर लोगों में जिज्ञासा बनी हुई है.














