जमशेदपुर : सूर्या हांसदा एनकाउंटर और रांची के नगड़ी में एम्स- 2 के लिए आदिवासियों की जमीन को गलत तरीके से कब्ज़ा करने के मामले को लेकर बीजेपी प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को पूरे राज्य के सभी जिला मुख्यालयों और प्रखंड कार्यालयों पर एकदिवसीय धरना- प्रदर्शन किया गया. इधर जमशेदपुर में भी जिला मुख्यालय पर भाजपा नेताओं ने धरना प्रदर्शन कर सूर्या हांसदा एनकाउंटर की सीबीआई जांच और नगड़ी में आदिवासियों के जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का विरोध किया. इसका नेतृत्व भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा कर रहे थे जबकि हटिया के विधायक नवीन जायसवाल भी यहां मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)

इन लोगों ने वहां जमकर नारेबाजी की. इस दौरान भाजपा नेताओं ने बताया कि पूरे राज्य में आदिवासियों के साथ छल किया जा रहा है. उनकी हत्याएं की जा रही है. उनकी जमीन लूटी जा रही है. राज्य सरकार आदिवासी विरोधी कार्यों में संलिप्त है. भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार से इस मामले में दखल देने और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार में इंसाफ दिलाने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)

इस आंदोलन के दौरान नेतागण सड़क पर बैठ गये थे. इस दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बिनोद सिंह, खादी आयोग के सदस्य मनोज सिंह, खादी बोर्ड के पूर्व सदस्य और वरिष्ठ नेता कुलवंत सिंह बंटी, नीरज सिंह, संजीव सिन्हा, संजीव सिंह, पवन अग्रवाल, अप्पा राव समेत कई अन्य लोग मौजूद थे. इन लोगों ने बाद में एक ज्ञापन डीसी को सौंपा.



