सरायकेला : सरायकेला जिलांतर्गत आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड नंबर दो के धीराजगंज की एक युवती करीब सवा साल बाद अपने पति के साथ घर लौटी तो उसके मायके में हड़कंप मच गया. युवती ने बताया कि बास्को नगर की पद्मा तांती और शांति नगर के राम ने लोन दिलाने के नाम पर उसे बुलाया और राजस्थान ले जाकर एक लाख बीस हजार रुपये में बेच दिया. हालांकि युवती अपने पति के साथ खुश है और अब वह अपने मायके पहुंची है. लेकिन मायके वालों ने इस मामले को नया रूप देते हुए पद्मा तांती और राम नामक शख्स को बुलाकर मानव तस्करी का आरोप लगाते हुए दोनों को बंधक बना लिया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बने महिला एवं पुरुष को कब्जे में लेकर थाने ले गई. निवर्तमान वार्ड पार्षद अभिजीत महतो ने बताया कि क्षेत्र की और भी युवतियां गायब हुई हैं और आशंका जताई है कि उन्हें भी इन लोगों ने ले जाकर कहीं बेच दिया है. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. इस संबंध में पुलिस ने बिना पुष्टि के कुछ भी कहने से मना कर दिया है और समाचार लिखे जाने तक आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज नहीं कराई गई है.



