चाकुलिया : चाकुलिया – शीशाखुन मुख्य सड़क के किनारे जोड़ाम गांव के पास बकरी चरा रही जोड़ाम गांव की 57 वर्षीय महिला राधा बास्के को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी. इससे जख्मी राधा बास्के की मौत हो गयी. यह घटना रविवार की दोपहर की है. महिला को टक्कर मारने के बाद बाइक सवार बाइक लेकर भाग निकला. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. मृतका की बहू रायमनी बास्के ने बताया कि शीशाखून की ओर से आ रही एक अज्ञात बाइक ने राधा बास्के को जोरदार टक्कर मार दी. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी. उन्होंने बताया कि अज्ञात बाइक सवार राधा बास्के को टक्कर मार कर चाकुलिया की ओर भाग निकला. (नीचे भी पढे़ं)
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल महिला को चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां डॉ संपा मन्ना घोष ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही थाना के एसआई पीतांबर मंडल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. उन्होंने शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया है. पुलिस अज्ञात बाइक चालक की तलाश कर रही है.














