
जमशेदपुर : सोमवार रात एक बार फिर आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया. जमशेदपुर के मानगो ब्रिज पर एक महिला स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगाने की कोशिश कर रही थी. लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए समय रहते उसे पकड़ लिया और उसकी जान बचा ली. सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने साथ थाने ले गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया. अभी तक महिला की पहचान और उसके इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. स्थानीय लोगों ने बताया कि रात को आसपास महिला पुल के किनारे कुछ देर खड़ी रही और अचानक छलांग लगाने की कोशिश की. वहां मौजूद दो युवकों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और अन्य लोगों की मदद से नीचे गिरने से रोक लिया. लोगों की तत्परता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

गौर करने वाली बात यह है कि पिछले कुछ महीनों में जमशेदपुर में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. कभी डोबो पुल तो कभी मानगो ब्रिज हर कुछ दिनों में किसी के छलांग लगाने की कोशिश की खबर सामने आ ही जाती है. मानसिक तनाव, पारिवारिक कलह और आर्थिक संकट जैसी वजहें इन मामलों के पीछे आमतौर पर सामने आती रही हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की बेहद जरूरत है. आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है, बल्कि उससे कई जीवन प्रभावित हो जाते हैं. प्रशासन को भी इन पुलों और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी और गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.














