जमशेदपुर : सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर निरीक्षक उत्पाद रामदास भगत के पर्यवेक्षण में बोड़ाम थाना अंतर्गत डांगर नाला क्षेत्र में अवैध चुलाई शराब भट्टी के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया गया. इस कार्रवाई में तीन अवैध चुलाई शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया. छापेमारी के दौरान कुल लगभग 1200 किलोग्राम अवैध जावा महुआ को नष्ट किया गया तथा 32 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त की गई. उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद उपकरणों को भी जप्त कर नष्ट कर दिया ताकि दोबारा ऐसी गतिविधि संचालित न हो सके. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से की जा रही है. भट्टी संचालकों की पहचान की जा रही है, और उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया जा रहा है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या उत्पाद विभाग को दें.














