स्टॉकहोम: इस साल केमिस्ट्री का नोबेल पुरस्कार सुसुमु कितागावा (जापान), रिचर्ड रॉबसन (ऑस्ट्रेलिया) और उमर एम याघी (अमेरिका) को मिला है. स्वीडन की रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने बुधवार को इसका ऐलान किया. इन्होंने ऐसे एटम बनाए हैं जिनमें बड़े-बड़े खाली हिस्से होते हैं, जिनसे गैस और अन्य रासायनिक पदार्थ आसानी से गुजर सकते हैं. इन संरचनाओं को मेटल ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स (एमओएफ ) कहते हैं. इसमें ऐसे क्रिस्टल बनते हैं, जिनमें बड़े खाली हिस्से होते हैं. ये खास तरह से डिजाइन किए जा सकते हैं ताकि वे किसी खास चीज को पकड़ सकें या स्टोर कर सकें. इनका इस्तेमाल रेगिस्तान की हवा से पानी इकट्ठा करने, कार्बन डाइऑक्साइड को साफ करने, जहरीली गैसों को स्टोर करने या रासायनिक क्रियाएं तेज करने में किया जा सकता है.(नीचे भी पढ़े)
विजेता को 11 मिलियन स्वीडिश क्रोना (10.3 करोड़ रुपए), सोने का मेडल और सर्टिफिकेट मिलेगा. यह प्राइज मनी इन तीनों के बीच बंटेगी. पुरस्कार 10 दिसंबर को स्टॉकहोम में दिए जाएंगे.1970 के दशक में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न विश्वविद्यालय में रॉबसन छात्रों को अणु बनाने की क्लास पढ़ा रहे थे. उन्होंने लकड़ी की गेंदों (एटम) और डंडियों (बॉन्ड) से मॉडल बनाए. उन्हें अचानक एहसास हुआ कि अगर असली अणुओं में भी ऐसे ही जुड़ने के पैटर्न को समझ लिया जाए, तो नई तरह की आणविक इमारतें (आण्विक संरचनाएं ) बनाई जा सकती हैं. 1989 में उन्होंने तांबे के आयनों और एक चार-भुजाओं वाले कार्बनिक अणु को जोड़कर एक नई रचना बनाई यह क्रिस्टल जैसी संरचना थी, लेकिन अंदर खाली जगहें थीं. यही था पहला “मेटल-ऑर्गेनिक नेटवर्क” जैसा विचार. हालांकि यह रचना थोड़ी कमजोर थी, पर इससे रसायन शास्त्रियों में एक नई सोच जागी कि मॉलिक्यूल्स से इमारतें बनाई जा सकती हैं.














