सरायकेला : सरायकेला जिले के राजनगर थाना अंतर्गत सिजुलता गांव में चोरों ने एक महिला शिक्षक के घर में नगद और गहने समेत लगभग 16 लाख रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. जानकारी के अनुसार, शिक्षक सुरेखा सतपती अपने भतीजे सूरज नंदा की सगाई समारोह में शामिल होने के लिए परिवार सहित सुबह 11:30 बजे इंपीरियल होटल गई थीं. जब वे शाम करीब 5 बजे घर लौटीं तो देखा कि दरवाजा खुला हुआ है और अलमारी टूटी पड़ी है. घर के अंदर गहनों के खाली डब्बे बिखरे थे और करीब डेढ़ लाख रुपये नगद समेत सोने-चांदी के आभूषण गायब थे. घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पीड़ित सुरेखा सतपती और उनके पति रवि सतपती ने बताया कि चोरों ने अलमारी के लॉकर को तोड़कर लाखों के गहने और नगदी चोरी कर ली. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.














