जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 की अधिसूचना जारी होते ही प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर आदर्श आचार संहिता के सख्त अनुपालन की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं. इसी क्रम में गुरुवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की टीम ने शहर के प्रमुख चौक- चौराहों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से विभिन्न राजनीतिक दलों के लगाए गए बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स को हटाने की कार्रवाई शुरू की. उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार किसी भी सूरत में आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी राजनीतिक प्रचार सामग्री को सार्वजनिक स्थानों से तत्काल हटाया जाए और निगरानी दल नियमित गश्त कर उल्लंघन की रिपोर्ट दें. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं दूसरी ओर, प्रशासनिक टीम ने आगामी चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने की दिशा में मतगणना स्थल कोऑपरेटिव कॉलेज का निरीक्षण किया. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं, स्ट्रॉन्ग रूम, सुरक्षा प्रबंध, मशीनों के डिस्पैच एवं रिसीविंग की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि मतदान और मतगणना दोनों की पूरी प्रक्रिया कोऑपरेटिव कॉलेज परिसर से ही संपन्न की जाएगी. सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा में पूरी करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है. उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात सहन नहीं किया जाएगा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव को प्रभावित करने वाले कारकों पर प्रशासन की कड़ी नजर है और उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.














