जमशेदपुर: सरायकेला थाना अंतर्गत भोलाडीह में शुक्रवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में जीजा-साला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है. दोनों बाइक से सवार होकर सरायकेला जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान बोकारो निवासी अर्जुन लामाय और सरायकेला के साहेबगंज निवासी गोपी बारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार अर्जुन कुछ दिनों पूर्व अपने ससुराल साहेबगंज आया हुआ था. (नीचे भी पढ़े)

शुक्रवार की शाम वह अपने साला गोपी बारी के साथ बाइक (संख्या JH 06S 0673)पर सवार होकर सरायकेला जाने की बात कहकर घर से निकला था. लेकिन दोनों किसी कारणवश कोलाबिरा की ओर चले गए. देर शाम लौटने के दौरान भोलाडीह के पास उनकी बाइक को किसी तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत सरायकेला थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को एंबुलेंस के माध्यम से सरायकेला सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं. घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.



