जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पैसे के लेनदेन को लेकर वाहन रिकवरी एजेंट ने युवक का अपहरण कर लिया. जानकारी के अनुसार, सोनारी निवासी अक्षत आनंद उर्फ सोनू को वाहन रिकवरी एजेंट पिंटू सिंह ने जबरन अगवा कर लिया. मामले के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व कॉलोन इवेंट्स के प्रोप्राइटर सिद्धार्थ राव ने एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में किसी व्यक्ति को कुछ रकम दी थी. लेकिन प्रोजेक्ट में विवाद उत्पन्न होने के कारण कार्य रुक गया और पैसे की वापसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता गया. (नीचे भी पढ़े)
इसी विवाद के चलते गुरुवार को पिंटू सिंह ने सोनू पर रकम लौटाने का दबाव बनाया और उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले गया. घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी पुलिस सक्रिय हो गई और त्वरित छापेमारी करते हुए आरोपी को कदमा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि पिंटू सिंह को पैसे की रिकवरी के लिए नियुक्त किया गया था. फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अपहरण कांड में और कौन-कौन लोग शामिल थे.सोनारी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा.



