
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के कादोकोठा ओडिया उत्क्रमित मध्य विद्यालय में यूनिसेफ और नवभारत जागृति केंद्र, प्लान इंडिया के सौजन्य से किशोर किशोरी सशक्तिकरण कार्यक्रम में बीए की छात्रा पूजा रानी बाला को एक दिन के लिए स्कूल की प्राचार्या बनाया गया. पूजा रानी ने विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी कुमार किस्कू को गुलदस्ता देकर स्वागत किया और प्रभार लिया. प्रभार ग्रहण कर पूजा रानी ने सभी कक्षाओं का निरीक्षण किया और बच्चों से पढ़ाई की जानकारी प्राप्त की. विद्यालय के शिक्षक और शिक्षिकाओं के साथ बैठक की और शिक्षा पर विशेष चर्चा की. उसने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्कूल आना चाहिए. अगर कोई विद्यार्थी नियमित रूप से स्कूल नहीं आता है तो उसके अभिभावक से संपर्क कर कारण जानना चाहिए. बच्चे को नियमित स्कूल भेजने के लिए जागरूक करना होगा. पूजा रानी ने स्कूल के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ स्वच्छता के प्रति ध्यान देने की बात कही। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम से विद्यार्थियों के हौंसले बढ़ते हैं. पूजा रानी बाला डोमबाउटिया की छात्रा है. मौके पर संस्था के पदाधिकारी और स्कूल के शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे.Attachments area



