
सरायकेला: सरायकेला जिले के आदित्यपुर नगर निगम के खिलाफ निवर्तमान पार्षदों का अनिश्चित कालीन आमरण अनशन और भूख हड़ताल शनिवार से शुरू हो चुका है. गंदगी से बजबजाती निगम कार्यालय के समीप दर्जन भर निवर्तमान पार्षद आमरण अनशन और भूख हड़ताल पर बैठे हैं. मगर नगर निगम में बैठे अधिकारियों की असंवेदन शीलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पूर्व से सूचना होने के बाद भी नहीं अनशन स्थल पर बैठे साफ- सफाई नहीं कराई गयी. अनशन पर बैठे पूर्व पार्षदों ने बताया कि विगत दो वर्षो से निगम द्वारा अनाप- शनाप टैक्स वसूला जा रहा है. ना साफ- सफाई हो रही है न जरुरी मूलभूत सुविधा मिल रही है. बोर्ड बैठक में पास हुए योजनाओं का शिलान्यास होने के बाद भी उन्हें अमली जामा नहीं पहनाया गया है. पूर्व पार्षदों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता उनका आमरण अनशन जारी रहेगा. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि यह आंदोलन कब तक चलता है. (नीचे भी पढे़ं)

आमरण अनशन पर बैठे पूर्व पार्षदों में वार्ड 17 की पूर्व पार्षद नीतू शर्मा, वार्ड 18 के पूर्व पार्षद रंजन सिंह, वार्ड 2 के पूर्व पार्षद अभिजीत महतो, वार्ड 12 के पूर्व पार्षद विक्रम किस्कू, वार्ड 14 के पूर्व पार्षद बोरजो राम हांसदा, वार्ड 6 की पूर्व पार्षद ममता बेज, वार्ड 31 की पूर्व पार्षद रिंकू राय शामिल हैं. अन्य पूर्व पार्षदों ने भी इन्हें अपना नैतिक समर्थन दिया है. वहीं कई सामाजिक संगठन भी इनके आंदोलन में अपना समर्थन दे रहे हैं.




