जमशेदपुर: सुबह के दस बज रहे थे. मानगो पायल सिनेमा रोड वन विभाग के विश्राम गृह के लॉन में अलग-अलग कृतियां आकार ले रही थीं. कहीं स्केच तैयार था तो कहीं रंग भरा जा रहा था. कहीं स्त्री-पुरुष के पेड़ की शाखा के नीचे बैठ कर प्रेमालाप का दृश्य था, तो कहीं मां भवानी की पेंटिंग को अंतिम रुप दिया जा रहा था. कुछ लोग कैनवास स्टैंड को दुरुस्त कर उस पर कैनवास रखने की तैयारी में थे तो कुछ लोग लाल चाय की चुस्कियों के बीच विषय तय कर रहे थे.
यह सब चार दिनों तक चलने वाले नेशनल आर्ट कैंप में आए हुए कलाकार हैं. (नीचे भी पढ़ें)

ये यहां 9 नवंबर तक रहेंगे. कोई मोबाइल फोन देख कर विषय का चयन कर रहा है तो कोई गुमसुम होकर आसमान की तरफ ताक रहा है. कोई कैनवास पर फटाफट रंगों का चयन कर रहा है तो कोई रंगों की क्वालिटी को लेकर नाखुश है. शहर की जानी-मानी चित्रकार मुक्ता गुप्ता की संस्था ‘अन्विति’ की तरफ से यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन हो रहा है. कलाकारों की कला देखते ही बनती है. सुबह के वक्त सभी रेडी होकर अपने-अपने कैनवास के सामने हैं. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Jharkhand weather report : झारखंड में 8.2 पहुंचा न्यूनतम पारा, जानें कौन जिला रहा सबसे ज्यादा ठंड
दो कैनवासों के बीच 10 फीट से ज्यादा की दूरी है. ये जब अपने काम से ब्रेक लेते हैं तो आपस में गुफ्तगू करते हैं. 25 कलाकारों की जुटान है. प्रायः लोग एक-दूसरे को जानते हैं. घर-परिवार के बारे में बातचीत करते हैं, जो पहली बार जमशेदपुर आए हैं, वो आयोजक के आतिथ्य की सराहना करते नहीं थकते. (नीचे भी पढ़ें)

कई को 9 के पहले जाना है. कई 9 तक रहेंगे. यहां जुटे कलाकारों को कोई थीम नहीं दी गई है. कुछ स्वर्गीय रतन टाटा का स्केच बना रहे हैं तो कोई मां भवानी की पेंटिंग बना कर खुद में प्रसन्न है. यहां झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और न जाने कहां-कहां के कलाकार आए हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
रांची से आए कलाकार दीपांकर कर्मकार की पेंटिंग ध्यान खींचती है. उनका कांसेप्ट सबसे जुदा है. उनकी तस्वीर में दिख रहा है कि इंसान को विकास तो चाहिए पर विनाश की कीमत पर. वह पेड़ पर पंखा लगा रहा है और उसी पेड़ की एक शाखा पर बैठ कर लैपटॉप भी चला रहा है. दीपांकर की इस कलाकृति में गहरा आक्षेप हैःबुद्धजीवियों पर. उन्होंने अपनी पेंटिंग में यही बताने का प्रयास किया है कि इंसान नेचर को बर्बाद करने की कीमत पर भी विकास चाहता है.














