नयी दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बिहार सरकार के 2023 के उस फैसले को रद्द कर दिया, जिसके तहत पूर्व सांसद आनंद मोहन को सजा में छूट दी गई थी. कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है. यह मामला 1994 में गोपालगंज के जिलाधिकारी (आईएएस अधिकारी) जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने से जुड़ा है. कोर्ट ने पाया कि सजा में छूट की नीति में 2023 में किया गया वह संशोधन असंवैधानिक था, जिसके जरिए लोकसेवकों की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा पाए लोगों के लिए छूट पाने पर लगी रोक को हटा दिया गया था.जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने ने यह फ़ैसला आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका पर सुनाया. (नीचे भी पढ़े)
जी कृष्णैया की हत्या मोहन के नेतृत्व वाली भीड़ के हमले में कर दी गई थी. इस अपराध के लिए मोहन को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. हालांकि, बिहार सरकार द्वारा सजा में दी गई छूट के चलते, 14 साल जेल काटने के बाद वे 24 अप्रैल 2023 को जेल से बाहर आ गये.सहरसा जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे आनंद मोहन 23 अप्रैल 2023 में रिहा हुए थे. जिसके बाद इस फैसले के खिलाफ जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी. उमा ने कोर्ट में कहा कि एक आईएएस अधिकारी की हत्या केस में आनंद मोहन को उम्रकैद की सजा हुई थी. लेकिन समय से राज्य सरकार ने रिहाई का रास्ता बना दिया. बिहार सरकार की ओर से इस अपराध को सामान्य श्रेणी बताकर उनकी रिहाई के लिए रास्ता बना दिया. उमा ने कहा कि इस तरह के केस में किसी भी दोषी को समय से पहले रिहाई का प्रावधान नहीं है.












