गालूडीह : गालूडीह के मारवाड़ी धर्मशाला में शनिवार शाम श्री श्याम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया. श्री श्याम परिवार, गालूडीह की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में गालूडीह मारवाड़ी समाज के सभी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. घाटशिला और जमशेदपुर से भी श्याम भक्तों ने उक्त कार्यक्रम में सम्मिलित होकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई. श्याम परिवार गालूडीह के सदस्यों ने श्री श्याम बाबा के जन्मोत्सव को धूम धाम से मनाने की पुरजोर तैयारियां की थी. (नीचे भी पढ़ें)
धर्मशाला प्रांगण में श्री श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया. बाबा का आलौकिक शृंगार हुआ, छप्पन भोग, महाप्रसाद, इत्र वर्षा के बीच भजन गायकों ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी. पुजारी राहुल शास्त्री ने श्री श्याम बाबा की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई. इसके पश्चात जमशेदपुर से आए गायकों के भावपूर्ण भजनों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया. श्री श्याम प्रभु के जन्म दिन की खुशी में दीप जले, अनार-फुलझरियां जलाई गईं, पटाखे फोड़े गए एवं आतिशबाजियां की गईं. कार्यक्रम के अंत में बाबा की आरती के साथ सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.














