जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा बस्ती मुंशा सिंह बगान में सोमवार रात एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित अशोक गिरी ने साकची थाने में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना 6 नवंबर की रात करीब 9:15 बजे की है. अशोक गिरी अपने घर पर थे, तभी साकची गुरुद्वारा बस्ती के निवासी राजन कर्मकार, बंटी कर्मकार, रोहित कर्मकार, राहुल कर्मकार, राधा कर्मकार, आशा कर्मकार और रेशमी कर्मकार वहां पहुंचे. बताया जाता है कि पुराने विवाद को लेकर सभी ने एकजुट होकर पहले गाली-गलौज की और फिर घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
अशोक गिरी के अनुसार, आरोपियों ने जान मारने की नीयत से उन पर हमला किया, जिससे वे घायल हो गए. बाद में उन्होंने एमजीएम अस्पताल में अपना इलाज कराया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही सभी से पूछताछ की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की तहकीकात शुरू कर दी है.




