जमशेदपुर: पूर्वी भारत में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिम्स हॉस्पिटल और सिम्स हॉस्पिटल ने रविवार को अपनी नई साझेदारी की घोषणा की. इस अवसर पर शहर में जिम्स इन्फॉर्मेशन सेंटर और आउटरीच क्लिनिक का भव्य उद्घाटन किया गया. जिम्स आयुष्मान भारत कार्ड के तहत इलाज भी प्रदान करता है, जिससे मरीजों को सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी.उद्घाटन समारोह में झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान मुख्य अतिथि थे. उनके साथ जिम्स के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता, सिम्स हॉस्पिटल के प्रोपराइटर रहमत सईद खान और जमशेदपुर के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ एनके दास मौजूद थे. कार्यक्रम की शुरुआत एक बड़े मल्टीस्पेशियलिटी हेल्थ कैंप से हुई, जिसमें नि:शुल्क डॉक्टर परामर्श, स्वास्थ्य जांच और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं. बड़ी संख्या में लोगों ने इसका लाभ उठाया.(नीचे भी पढ़े)

जिम्स इन्फॉर्मेशन सेंटर के माध्यम से अब झारखंड के मरीज स्थानीय स्तर पर ही जिम्स के सुपरस्पेशियलिटी डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे. डॉक्टर समय-समय पर जमशेदपुर में विज़िट करेंगे,जिससे मरीजों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी.जिम्स के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि झारखंड में इस केंद्र की शुरुआत गर्व का विषय है. इसका उद्देश्य राज्यवासियों को 26 से अधिक सुपरस्पेशियलिटी सेवाओं तक सीधी पहुंच प्रदान करना है.कोलकाता के बजबज स्थित जिम्स हॉस्पिटल एनएबीएच-मान्यता प्राप्त मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज है. इसमें 300+ विशेषज्ञ डॉक्टर, आधुनिक जांच और उपचार सुविधाएं, सामुदायिक सेवाएं उपलब्ध हैं. जिम्स और सिम्स की यह साझेदारी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाएगी और मरीजों को उनके शहर में ही विश्वस्तरीय बहु-विशेषता चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगी.














