जमशेदपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम एवं जनजातीय गौरव के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की जन्म की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संचालित संदेश यात्रा खूंटी जिले स्थित भगवान बिरसा की जन्मस्थली ‘उलिहातु’से चलकर रांची पहुंची. संदेश यात्रा कल खूंटी से होते हुए चक्रधरपुर और चाईबासा पहुंची थी तथा आज सरायकेला और जमशेदपुर के मार्ग से रांची पहुंची. जमशेदपुर में विराम के दौरान भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अभाविप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांत अध्यक्ष मौसमी पॉल उपस्थित रहीं.(नीचे भी पढ़े)
सभी विराम स्थलों पर यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया तथा संवाद सत्र, नुक्कड़ नाटक और संगोष्ठियों का आयोजन हुआ.बिरसा मुंडा संदेश यात्रा भगवान बिरसा की जन्मस्थली उलिहातु से प्रारंभ होकर खूंटी, चक्रधरपुर, चाइबासा, सरायकेला, रांची, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, मोदिनीनगर, गढ़वा, बुद्धनगर, रॉबर्ट्सगंज, वाराणसी, जौनपुर, रायबरेली, लखनऊ, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर होते हुए देहरादून के ‘परेड ग्राउंड’में आयोजित होने वाले अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन के अधिवेशन स्थल पर 27 नवंबर को पहुंचेगी. यात्रा के दौरान सभी विराम-स्थलों पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, प्रदर्शनी एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा द्वारा जनजातीय गौरव को बढ़ाने हेतु किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)
स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बिहार-झारखण्ड क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने संदेश यात्रा का स्वागत करते हुए कहा, “भगवान बिरसा द्वारा किए गए कार्यों की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है, और उनके विचारों को आत्मसात करना उतना ही महत्वपूर्ण है. विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित इस संदेश यात्रा के माध्यम से जनजातीय गौरव हेतु भगवान बिरसा के कार्यों को सभी तक पहुंचाया जाएगा. भगवान बिरसा का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान का अद्भुत उदाहरण है. यह हर्ष का विषय है कि ऐसी पहल को सामान्य जन का भरपूर सहयोग मिल रहा है और इस संदेश यात्रा में स्थानीय लोग स्वेच्छा से जुड़ रहे हैं.















