जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को आजाद बस्ती से लक्ष्मीनगर जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे टाटा मोटर्स की बस और एक बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. हादसा होते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. टक्कर के बाद बाइक सवार युवक बीच सड़क पर ही हंगामा करने लगा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. करीब आधे घंटे तक पूरा यातायात बाधित रहा और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस दौरान गर्मी और भीड़ के बीच कई राहगीर और वाहन चालक सड़क खाली होने का इंतजार करते रहे.स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार नशे की हालत में था. लोगों का कहना है कि युवक ने तेज गति और लापरवाही से बाइक चलाते हुए बस में टक्कर मारी, जिसके बाद वह उल्टा बस चालक और अन्य लोगों से उलझने लगा. हंगामा बढ़ता देख आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई. कई लोग बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन युवक लगातार उपद्रव करता रहा.(नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पहले घेराबंदी कर यातायात को नियंत्रित किया और फिर सड़क पर खड़ी बस और बाइक को हटवाया. थोड़ी ही देर में पुलिस ने दोनों ओर फंसे वाहनों को सुरक्षित रास्ता देकर ट्रैफिक को सुचारू कराया. हंगामा कर रहे युवक को पुलिस ने तुरंत हिरासत में लिया और थाने ले गई. पुलिस के अनुसार युवक की मेडिकल जांच कराई जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी. स्थानीय निवासियों ने बताया कि जेम्को चौक से लक्ष्मीनगर तक जाने वाली यह सड़क काफी संकरी है. सड़क किनारे लगी दुकानें और अतिक्रमण के कारण जगह और कम हो जाती है. इसके बावजूद इस मार्ग से टाटा मोटर्स की भारी वाहन, कर्मचारी बसें और रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं. इस वजह से यहां अक्सर जाम लगता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से सड़क चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों और जाम की समस्याओं से राहत मिल सके.



