चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला पुलिस ने चाईबासा मुफस्सिल थानांतर्गत करलाजुड़ी निवासी अवकाश प्राप्त बैंक कर्मी परमेश्वर पुर्ती से जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने के नाम पर 16.92 लाख रुपये की ठगी किये जाने के मामले में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पाकुड़ जिलांतर्गत पाकुड़िया थाना क्षेत्र निवासी मो इकबाल अहमद नामक उक्त व्यक्ति ने उक्त साइबर ठगी के पैसे की निकासी में प्रयुक्त एटीएम कार्ड मुहैया कराया था. इस मामले में पहले से गिरफ्तार मो सकीर अंसारी की निशानदेही पर इकबाल की गिरफ्तारी की गई है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि करलाजोड़ी निवासी परमेश्वर पुर्ती ने विगत 13 नवंबर को मुफस्सिल थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने के नाम पर 16.92 लाख रुपये की साइबर ठगी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी. प्राथमिकी दर्ज होने के पश्चात मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल ने मामले के मुख्य आरोपी मो सकीर अंसारी को देवघर जिले से गिरफ्तार किया था. बाद में सकीर से पूछताछ के क्रम में मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने पाकुड़िया से मो इकबाल अहमद को गिरफ्तार किया है, जिसने ठगी के पैसों की निकासी करने के लिए एटीएम कार्ड मुहैया कराया था. पुलिस ने उसके पास से ओप्पो कंपनी के एक मोबाइल फोन के साथ ही जियो कंपनी के दस सिम भी बरामद किये हैं. गिरफ्तार मो इकहाल अहमद ने उक्त साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है.














