जमशेदपुर : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने सांसद विद्युत वरण महतो के माध्यम से प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए उनसे सुप्रीम कोर्ट द्वारा टीईटी अनिवार्यता के संबंध में पारित प्रतिकूल निर्णय के मद्देनजर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है. संघ ने सुप्रीम कोर्ट के द्वारा पारित प्रतिकूल निर्णय के कारण राज्य में विगत 20-30 वर्षों से कार्यरत लाखों शिक्षकों की सेवा समाप्ति एवं पदोन्नति से वंचित होने के खतरे का उल्लेख करते हुए इस मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा सिविल अपील संख्या 1385/2025 एवं अन्य में दिये गये निर्णय के कारण लाखों शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और पदोन्नति की संभावनाओं को जोखिम में डाल दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि आरटीई अधिनियम 2009 से पहले से नियुक्त एवं वर्तमान में सेवारत शिक्षकों के लिए शिङक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण करना अनिवार्य बताया है. उसमें भी जिन शिक्षकों की सेवा पांच साल से अधिक बची है, उन्हें दो साल के अंतर टीईटी पास करना होगा, जबकि विफल रहने वाले शिक्षकों की सेवा अनिवार्य सेवानिवृत्ति के तहत समाप्त कर दी जाएगी. निर्णय के अनुसार पांच साल से कम बची सेवा वाले शिक्षक पद पर तो बने रह सकेंगे, किन्तु टीईटी पास किये बिना वे पदोन्नति के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे. सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से उक्त शिक्षकों के समक्ष और भी कई समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं. संघ ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कई अंशों को संसद के अधिकारों के तहत निर्मित विधान के विपरीत बताते हुए संसद के स्तर से इसकी समीक्षा एवं निदानात्मक पहल किये जाने की जरूरत बताई है. (नीचे भी पढ़ें)
संघ ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय ने देश के लाखों शिक्षकों पर अनपेक्षित गंभीर संकट थोप दिया है. संघ ने कहा है कि नियुक्ति के समय ये सभी शिक्षक तत्कालीन नियमानुसार वैध योग्यता के तहत नियुक्त हुए थे एवं विगत 20 से 30 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अब अचानक संविधान के विरुद्ध ऐसी योग्यता (टेट) के कारण वे सेवा समाप्ति या पदोन्नति से वंचित किये जाने का संकट झेलने को मजबूर हो रहे हैं, जो उन पर कभी लागू नहीं थी. इसके मद्देनजर संघ ने प्रधानमंत्री से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है.














