जमशेदपुर : सिंहभूम जिला जनवादी लेखक संघ की ओर से रविवार को लक्ष्मीनगर के बजरंगी बगान स्थित साइंटिफिक उद्यान में ‘जनवादी मूल्यों पर आधारित साहित्यिक एवं राजनीतिक परिपेक्ष्य वार्ता’ का आयोजन किया गया. अशोक शुभदर्शी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सतीश कुमार के स्वागत संबोधन एवं उपस्थित साहित्यकारों व समाजसेवियों को पौधे प्रदान किये जाने के साथ हुई. प्रथम वक्ता डॉ उदय प्रताप हृयात ने मानव सभ्यता के विकास को रेखांकित करते हुए कहा कि आज यह सभ्यता बारूद के ढ़ेर पर है, विस्फोट कभी भी हो सकता है. ऐसे में जनवाद को समझना और उसे लेकर चलने की आवश्यकता है. (नीचे भी पढ़ें)

श्यामल सुमन ने कहा कि सत्ता सुख से वंचित न होना पड़े, इसलिए पूंजीवाद एवं राजनीति अलग-अलग तिकड़मों से जनवाद को तोड़ना चाहती हैं. देवाशीष मुखर्जी ने कहा कि राष्ट्रवाद एवं धर्मवाद कभी भी समूचे मानव हित की बात नहीं करता न सोचता है. इसलिए जनवाद की जरूरत सबसे ज्यादा है. सुजय राय ने जनवाद को परिभाषित करते हुए कहा कि बहुजन के हित में जबतक काम न हो तबतक बहुमत का कोई अर्थ नहीं. ऐसे में जनवाद को सही-सही परिभाषित करना सबसे जरूरी है. शैलेन्द्र अस्थाना ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी चेतना से मूल्य की उत्पत्ति होती है और जनवादी चेतना हमेशा जनवादी मूल्यों की बात करती है. जनवाद अधिकार से वंचित लोगों के लिए संघर्षरत रहता है. (नीचे भी पढ़ें)

अजय महताब ने विषय को केन्द्रित रखते हुए कहा कि जनवादी चेतना यह सोचने की शक्ति देता है कि हमें किसके पक्ष में सोचना है, बोलना है, निर्णय लेना है. प्रियांशु शिखा ने अपने व्यक्त्व्य में कहा कि भारत में अनेक भाषाएं, अनेक रंग, अनेक व्यंजन, अनेक पहनावा-पोशाक, संस्कृति है, इसलिए इस देश को अखंड व सुरक्षित रखने के लिए डेमोक्रेसी की सबसे ज्यादा जरूरत है. जनवाद अपने साहित्य के माध्यम से भारत की इस खुबसूरती को अक्षुण्ण रख सकता है. ज्योत्स्ना अस्थाना ने अपना विचार रखते हुए कहा कि जनवाद प्रतिबद्धता की बात करता है. जनवादी लेखकों का यह कर्तव्य है कि वह मनुष्य में अपनी लेखनी से जनवादी चेतना का विस्तार करें. अर्चना अरूप ठाकुर ने कहा कि जनवाद एक ऐसा शब्द है जो जनता की अभिव्यक्ति को स्वर देता है. जनता के सच को सामने लाने और लोकतंत्र को बचाये रखने में जनवाद की भूमिका दर्पण की भांति है. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ सुधीर सुमन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पूंजीवाद कभी मजदूरों के हित की नहीं सोचता. साहित्य को भी आज पूंजीपतियों ने ऑक्युपाई कर लिया है. पूंजी जब संकटग्रस्त होती है तब वह उन्मादी हो जाती है और उन्माद के रास्ते ही वह अपना वर्चस्व स्थापित करने का प्रयास करती है. आज वह उन्मादी पूंजी साहित्य को अपना हथियार बना रही है और इसके लिए उसने हमारे साहित्यिक आइकॉन को ही अधिग्रहित कर लिया है. अध्यक्षीय उद्बोधन में अशोक शुभदर्शी ने कहा कि दो धाराएं समाज में हमेशा से काम करती हैं. शोषक वर्ग और इस वर्ग के विरुद्ध लड़ाई लड़ने वाला वर्ग. वह वर्ग जो शोषण के विरुद्ध चेतना को जागरूक करता है वह वर्ग ही जनवादी है. प्रत्येक मनुष्य चेतना संपन्न हो यही जनवाद की अवधारणा हैं. कार्यक्रम का संचालन वरुण प्रभात ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन संध्या ठाकुर ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश हंसमुख, विमल किशोर विमल, नजीर अहमद नजीर, रामचंद्र दास, जितेंद्र यादव, प्रीति सिंह, हरिहर प्रसाद, दिलीप दास, श्रुति कुमारी, जितेंद्र यादव, आयुषी, आराध्या, अनमोल, अंशु, नरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, तारकेश्वर झा आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही.














