जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था हर हर महादेव सेवा संघ ने अपने वार्षिक कंबल वितरण सेवा अभियान के 25वें वर्ष का शुभारंभ किया. परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी सेवा की शुरुआत साधु समाज के बीच कंबल वितरित करके की गई. संस्था पिछले 25 वर्षों से लगातार जरूरतमंदों, असहायों और गरीब परिवारों तक कंबल पहुंचाने का कार्य कर रही है. संस्था का लक्ष्य है कि कठोर ठंड में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति बिना कंबल के न रहे. संस्था के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि हमारी कंबल सेवा कोई औपचारिक कार्यक्रम नहीं, यह मानवता के प्रति हमारा संकल्प है. (नीचे भी पढ़े)

25 वर्ष पहले शुरू की गई यह छोटी-सी सेवा आज हजारों परिवारों तक गर्माहट पहुंचा रही है. हर वर्ष हम सेवा की शुरुआत साधु-संतों के आशीर्वाद से करते हैं, ताकि अभियान और अधिक प्रभावी और सफल हो सके. आने वाले दिनों में हम शहर के विभिन्न क्षेत्रों, बस्तियों, ग्रामीण इलाकों और जरूरतमंद परिवारों तक कंबल पहुंचाते रहेंगे. इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ पत्रकार बृजभूषण सिंह ने कहा कि हर हर महादेव सेवा संघ पिछले 25 वर्षों से निरंतरता, समर्पण और मानवीय भावना के साथ जो सेवा कर रहा है, वह समाज के लिए एक प्रेरक उदाहरण है.(नीचे भी पढ़े)

ठंड के कठिन समय में यह अभियान अनगिनत लोगों के लिए जीवनदायिनी राहत है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्ध नागरिक, पदाधिकारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने सेवा अभियान को और अधिक व्यापक बनाने का संकल्प दोहराया. धन्यवाद ज्ञापन संस्था के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह निक्कू द्वारा किया गया. इस अवसर पर जयप्रकाश राय, जितेन्द्र चावला, रामकेवल मिश्रा, राघवेंद्र शर्मा, बंटी सिंह, रूपेश झा, के विश्वनाथ राव, संदीप कुमार सिंह, स्वाती मित्रा, जूगुन पांडे, बिभास मजूमदार, रितिका श्रीवास्तव, सरबजीत सिंह टोबी, शेखर मुखी, बिनोद भिरभरिया, आकाश गोप एवं अन्य सम्मानित लोग उपस्थित रहे.



