जमशेदपुर: नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर के जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) ने गुरुवार को अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन का नेतृत्व जूनियर डॉक्टर सचिन सेठ ने किया. इस दौरान एसोसिएशन ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई. जेडीए ने अपने बयान में कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली से लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिससे पूरे शिक्षा तंत्र की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं. एसोसिएशन ने मामले की त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शन के दौरान जूनियर डॉक्टरों ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और डॉक्टरों पर हुए कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग की भी निंदा की. उनका कहना था कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इसे बलपूर्वक दबाना उचित नहीं है. एसोसिएशन ने मांग की कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और चिकित्सा कर्मियों को तत्काल समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए. (नीचे भी पढ़ें)
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने कहा कि वह चिकित्सा शिक्षा की पवित्रता, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही सरकार से नीट पेपर लीक मामले की शीघ्र जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और छात्रों के साथ तत्काल संवाद स्थापित करने की मांग की.




