
जमशेदपुर : विजया दशमी के दिन तीन हादसा हुआ. इस हादसे में कई लोग घायल हो गये. मानगो के जवाहरनगर के रोड नंबर 15 में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण दीवार गिर गयी. इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया. बताया जाता है कि पहले एक पेड़ दीवार पर गिरी. इस दीवार के पास ही एक व्यक्ति बैठा था कि अचानक से दीवार गिर गया और वह घायल हो गया. उसको घायल हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका पैर टूट चुका है. दूसरी ओर, सुंदरनगर थाना क्षेत्र के खुकराडीह में विसर्जन करने के दौरान ही पूजा कमेटी के लोगों में ही आपस में मारपीट हो गयी. इस घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गये. घायलों को एमजीएम अस्पताल में लाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

घायलों में से दो को ज्यादा चोटें आयी है. इसी तरह जुगसलाई नया बाजार में भी दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. बताया जाता है कि विसर्जन के दौरान ही यह घटना घटी. काफी देर तक विसर्जन को लोगों ने रोक दिया था और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे, लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया. इसके बाद पुलिस ने मामले को नियंत्रित किया, जिसके बाद विसर्जन हो सका. वैसे वहां की स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.



