बोकारो: बोकारो में आवासीय कॉलोनी के बीच फुटवियर गोदाम में आग लगने की घटना सामने आई है. जिसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गयी. घटना शनिवार देर शाम को सेक्टर 12 थाना अंतर्गत बारी कोऑपरेटिव के मनमोहन कॉलोनी में घटी है. जानकारी के मुताबिक जब लोग अपने घरों में थे, उसी दौरान लोगों ने आवासीय कॉलोनी के बीच एक फुटवियर गोदाम से चिंगारी निकलते हुए देखा.देखते ही देखते आगे ने पूरे गोदाम को अपने आगोश में ले लिया. और गोदाम के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. (नीचे भी पढ़े)

लपटों को उठता देख गोदाम के मालिक ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन को सूचना दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.गोदाम के मालिक ओंकार पांडे ने बताया कि गोदाम में कई कंपनियों के फुटवियर स्टॉक रखे हुए थे और फुटवियर में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल रखे थे. पिछले दो दिन पहले भी 60 लाख का माल मंगाया था जो आग में जलकर बर्बाद हो गया. मालिक ने बताया कि इस आगजनी में लगभग 1 करोड़ का नुकसान हो गया है.















