जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना पुलिस को बुधवार देर रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुप्त सूचना के आधार पर की गयी कार्रवाई में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मिरगीपुर निवासी अजय सिंह उर्फ अजय बालमिकी उर्फ मोटा (29) को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, दो पीस जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में बिरसानगर थाना के एसआई लाल चंद बेदिया के बयान पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10.30 बजे सूचना मिली थी कि हुरलूंग क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक हथियार के साथ घूम रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम गठित की गयी और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगा. पुलिस ने झाड़ियों के पास से उसे खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए. इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस का कहना है कि आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वह किस उद्देश्य से इलाके में आया था, इसकी जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था. मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और संपर्कों की जांच कर उसके नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है. बिरसानगर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है. इस कार्रवाई से इलाके में किसी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते टालने में सफलता मिली है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके.



