जमशेदपुर : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर ईया फाउंडेशन द्वारा जमशेदपुर ब्लड बैंक परिसर में संस्था का 6वां रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया. शिविर में नागरिकों, युवाओं एवं टाटा स्टील कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही और कुल 166 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया. रक्तदान शिविर का उद्घाटन टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू, टाटा स्टील यूटिलिटीज यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, इक्वीपमेंट मेंटेनेंस प्रमुख सतीश गणपति एवं शेयर्ड सर्विसेज प्रमुख कल्याण प्रसाद द्वारा किया गया. इस अवसर पर जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी भी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

उल्लेखनीय है कि ईया फाउंडेशन के अधिकांश सदस्य टाटा स्टील के कर्मचारी हैं, जो नियमित रूप से समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. ईया फाउंडेशन के संस्थापक दीपक मिश्रा, जो स्वयं टाटा स्टील के इक्वीपमेंट सर्विसेज विभाग के कर्मचारी हैं, के नेतृत्व में संस्था लगातार रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्य कर रही है. कार्यक्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन के अनेक पदाधिकारी शामिल हुए. शिविर की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि दो रक्तदाताओं ने अपना 25वां रक्तदान पूर्ण किया. ईया फाउंडेशन ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया.




