जमशेदपुर : झारखंड भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने राज्य में बढ़ते अपराध और अपहरण की घटनाओं को लेकर झामुमो-कांग्रेस सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले में परिजनों से मुलाकात के बाद शुक्रवार को जमशेदपुर परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों का पुलिस से भय समाप्त हो गया है. आदित्य साहू ने कहा कि पहले राज्य में पत्थर, लोहा और कोयले की चोरी, अवैध खनन और तस्करी की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब अपहरण एक संगठित उद्योग का रूप ले चुका है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि झारखंड में कोई भी नागरिक सुरक्षित नहीं है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रतिदिन अपहरण की घटनाएं हो रही हैं. कैरव गांधी के अपहरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 10 दिनों बाद भी पुलिस प्रशासन उसके संबंध में कोई ठोस जानकारी देने की स्थिति में नहीं है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने जमशेदपुर के एसएसपी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जिले का कप्तान ही निष्क्रिय रहेगा तो कानून-व्यवस्था की स्थिति कैसे सुधरेगी. प्रदेश अध्यक्ष ने आदित्य साहू ने बताया कि रांची, बोकारो और कोडरमा सहित राज्य के कई हिस्सों में बच्चे महीनों से लापता हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के आंदोलन और दबाव के बाद ही कई मामलों में पुलिस सक्रिय हुई और बच्चों की बरामदगी संभव हो पाई. आदित्य साहू ने कैरव गांधी अपहरण मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि वे 27 जनवरी को डीजीपी से मुलाकात करेंगे और 28 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री से मिलकर झारखंड में बढ़ते अपराध और अपहरण की घटनाओं की जानकारी देंगे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थिति की तुलना 90 के दशक के बिहार के जंगलराज से करते हुए कहा कि झारखंड उसी रास्ते पर चल पड़ा है जहां गुंडे और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने अवैध खनन, कोयला तस्करी, भ्रष्टाचार, ठेकेदारों को भुगतान न मिलने और विकास कार्य ठप होने जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में आदिवासी और मूलवासी की जमीनें लूटी जा रही हैं, महिलाओं और बेटियों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है. नगर निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार दलीय चिन्ह और ईवीएम से चुनाव कराने से डर रही है, क्योंकि उसे हार का डर है. आदित्य साहू ने चेतावनी दी कि यदि अपहृत युवक की शीघ्र बरामदगी नहीं हुई तो भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा. उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के सदस्य के अपहरण से परिवार पर क्या बीतती है, यह पुलिस प्रशासन को समझना चाहिए और तत्काल प्रभाव से ठोस कार्रवाई करनी चाहिए. प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा मौजूद रहे.




