जमशेदपुर : टाटा स्टील खेल विभाग द्वारा आयोजित इंटर जेडीसी क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन भी रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी रहा. टूर्नामेंट के दूसरे दिन तीन महत्वपूर्ण मैच खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया. दूसरे दिन का पहला मैच एचएसएम बनाम मर्चेंट मिल के बीच खेला गया. इसमें एचएसएम ने यह मुकाबला 96 रनों के विशाल अंतर से जीता. एचएसएम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में 4 विकेट खोकर 144 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. पारितोष ने मात्र 22 गेंदों में शानदार 58 रन बनाए, जबकि राहुल कुमार ने 16 गेंदों में 28 रनों का योगदान दिया. (नीचे भी पढ़ें)

मर्चेंट मिल की ओर से अरशद अली ने 20 रन देकर 3 विकेट लिए. लक्ष्य का पीछा करते हुए मर्चेंट मिल की टीम 10 ओवरों में 5 विकेट पर केवल 48 रन ही बना सकी. एचएसएम के गेंदबाज कैलाश और सूर्यकांत ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए. दूसरे मैच में मेडिकल सर्विसेज बनाम ब्लास्ट फर्नेस के बीच हुआ. इसमें ब्लास्ट फर्नेस ने 9 विकेट से जीत दर्ज की. टॉस जीतकर मेडिकल सर्विसेज ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और 10 ओवरों में 9 विकेट खोकर 44 रन बनाए. ब्लास्ट फर्नेस के राजीव और विवेक ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट लिए. ब्लास्ट फर्नेस ने मात्र 3.3 ओवरों में 1 विकेट के नुकसान पर 48 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया. धीरज ने 13 गेंदों में 23 रन और राजीव ने 8 गेंदों में 21 रनों की तेज पारी खेली. तीसरा मैच सिंटर प्लांट्स बनाम लांग प्रोडक्ट मिल्स के बीच खेला गया. सिंटर प्लांट्स ने यह मैच 46 रनों से अपने नाम किया. टॉस जीतकर सिंटर प्लांट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में केवल 1 विकेट खोकर 136 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर बनाया. रविकांत ने विध्वंसक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 64 रन बनाए और कौशल ने 18 गेंदों में 30 रनों का सहयोग दिया. (नीचे भी पढ़ें)

सिंटर प्लांट ने लक्ष्य का पीछा करने उतरी लांग प्रोडक्ट मिल्स की टीम 10 ओवरों में 9 विकेट खोकर 90 रन ही बना सकी। सिंटर प्लांट्स के गेंदबाज रोहित महतो ने अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए 1 ओवर मेडन डाला और बिना कोई रन दिए 3 विकेट झटके. प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विभाग के अधिकारी, कमिटी मेंबर और भारी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.




