रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने आज यहां बताया कि झारखंड पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ एवं झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत लगातार की जा रही कार्रवाई में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. उन्होंने बताया कि सारंडा क्षेत्र में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, गनपत, असीम मंडल, अजय महतो, सोनू गोप सहित अन्य हार्डकोर नक्सलियों के विरुद्ध कोल्हान एवं सारंडा क्षेत्र में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि झारखंड पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ तथा झारखंड जगुआर के संयुक्त तत्वावधान में संचालित उक्त अभियान के क्रम में पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि भाकपा (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेता अनमोल उर्फ अनल दस्ता सदस्यों के साथ छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमडीह तथा लाहागेट के आसपास जंगली एवं पहाड़ी क्षेत्रों में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन आरंभ किया. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों पर फायरिंग की गई, जिसका सुरक्षा बलों ने प्रभावी ढंग से जवाब दिया. मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की सघन तलाशी में कई नक्सलियों के शव बरामद किए गए. मृत नक्सलियों की पहचान विभिन्न इनामी नक्सलियों के रूप में की गई है, जिनमें झारखंड में ₹1 करोड़, ओड़िशा में ₹1.20 करोड़ एवं एनआइए की ओर से ₹15 लाख का इनाम घोषित अनल उर्फ प्रतिमा मांझी, झारखंड में 25 लाख एवं ओड़िशा में 65 लाख रुपये का इनाम घोषित अनमोल उर्फ अनमल, झारखंड में 15 लाख, ओड़िशा में 43 लाक एवं एनआइए की ओर से 4 लाख रुपये का इनाम घोषित अमित मुंडा, झारखंड में 5 लाख रुपये का इनाम घोषित पिंटू लोहार,झारखंड में 5 लाख रुपये का इनाम घोषित ललजीत उर्फ लालू, झारखंड में 5 लाख रुपये का इनाम घोषित समीर सोरेन एवं ओड़िशा में 32 लाख रुपये का इनाम घोषित राघव पटेल शामिल के शव शामिल थे. इनके अतिरिक्त मुठभेड़ में कई अन्य नक्सली भी मारे गए हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि इस अभियान में भारी मात्रा में हथियार एवं अन्य सामग्रियां भी बरामद की गई हैं. इनमें एके-47 / एके-56 राइफलें, इन्सास राइफल, एसएलआर, 303 राइफल, कारतूस एवं मैगजीन, दैनिक उपयोग की अन्य सामग्रियां भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार चलाया जा रहा है. बीते तीन वर्षों में इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, कई नक्सली मुठभेड़ में मारे भी गए हैं तथा संगठन की कमर तोड़ने में सुरक्षाबलों को उल्लेखनीय सफलता मिली है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति एवं विकास सुनिश्चित किया जाएगा.




