रांची : झारखंड राज्य सहकारी बैंक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनिल पी. पन्ना एवं महासचिव चंदन कुमार प्रसाद ने नाबार्ड की मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) दीपमाला घोष और महाप्रबंधक आरएस भगवाने से मुलाकात की. इस दौरान बैंक कर्मचारियों से संबंधित महत्वपूर्ण मांगों पर तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया गया. संघ ने प्रबंधन द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों के बावजूद इन मांगों पर प्रगति न होने पर गहरी चिंता व्यक्त की. संघ ने प्रमुख मांगें रखीं, जिसके तहत कहा गया कि बैंक में अधिकांश कर्मचारियों ने 10 वर्ष से अधिक सेवा पूरी कर ली है, लेकिन पर्याप्त स्वीकृत पद रिक्त होने के बावजूद प्रोन्नति प्रक्रिया शुरू नहीं हुई. इससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है. (नीचे भी पढे)
शीघ्र प्रोन्नति प्रक्रिया आरंभ करने का आग्रह किया गया. स्वीकृत पदबल में अधिकांश पद रिक्त हैं, जिससे कई शाखाओं में कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है। आईबीपीएस के माध्यम से रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की गई. बैंक मर्जर के बाद सेवा संहिता, स्थानांतरण नीति एवं अन्य कर्मचारी हितैषी नीतियां अभी तक तैयार नहीं हुई हैं। इनका शीघ्र निर्माण सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया. संघ ने मुख्य महाप्रबंधक दीपमाला घोष से इन मांगों पर सकारात्मक हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई. पदाधिकारियों का मानना है कि इन मुद्दों का त्वरित समाधान बैंक की कार्यकुशलता बढ़ाएगा और कर्मचारियों का हित सुरक्षित करेगा.



