लंदन/रांची: भारत के गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लंदन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे. यह कार्यक्रम भारत के संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक विरासत और समृद्ध सभ्यतागत परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का प्रतीक होंगे. गणतंत्र दिवस के दिन मुख्यमंत्री लंदन स्थित पार्लियामेंट स्क्वायर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. इस अवसर पर वे सत्य, अहिंसा और नैतिक नेतृत्व से जुड़े गांधीजी के शाश्वत संदेश को स्मरण करेंगे, जो आज भी विश्वभर में स्वतंत्रता, न्याय और मानवाधिकार आंदोलनों को दिशा देता है. यह कार्यक्रम भारत की लोकतांत्रिक चेतना और वैश्विक मूल्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर हाउस एवं संग्रहालय का भ्रमण करेंगे. (नीचे भी पढ़े)
यहां वे भारतीय संविधान के शिल्पकार, सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक लोकतंत्र के वैश्विक प्रतीक डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. इस अवसर पर संविधान, अधिकारों और समावेशी लोकतंत्र की भावना को रेखांकित किया जाएगा. अपने लंदन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विश्व के अग्रणी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संस्थानों में शामिल ब्रिटिश म्यूज़ियम का भी दौरा करेंगे. यह यात्रा भारत के वैश्विक शैक्षणिक, सांस्कृतिक और विरासत संस्थानों के साथ दीर्घकालिक जुड़ाव को दर्शाती है और भारत की सभ्यतागत विरासत को अंतरराष्ट्रीय संवाद से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है.




