बोकारो: बोकारो के गोमिया वन क्षेत्र के महुआटांड़ इलाके में बीते शनिवार की देर रात हाथियों ने एक और युवक जान ले ली. घटना कंडेर पंचायत के दरहाबेड़ा गांव की है. मृतक का नाम करमचंद सोरेन का है.हाथियों ने मृतक के घर को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया.इससे पहले 18 जनवरी की रात कंडेर पंचायत के सिमराबेड़ा टोला के पास मुख्य सड़क पर हाथियों ने उत्पात मचाया था. हाथियों ने चलती ओमनी कार पर हमला करके चालक, सब्जी विक्रेता को मौत के घाट उतार दिया था. लगातार घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही मंत्री सह विधायक योगेंद्र प्रसाद घटनास्थल पर पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया. मंत्री ने सरकारी प्रावधान के तहत चार लाख रुपये का मुआवजा जल्द से जल्द दिलाने का भरोसा दिया. मौके पर उन्होंने वन विभाग के वरीय अधिकारियों से फोन पर बात करके हाथियों के उत्पात पर तत्काल रोक लगाने के उपाय करने के निर्देश दिये. हाथियों के उत्पात से कंडेर, बारीडारी, महुआटांड़, केंदुआ, चोरगांवां, कुंदा, खखंडा, मुरपा समेत करीब दर्जनों गांव-टोले प्रभावित हैं. हाथियों ने घर,चहारदीवारी, वाहन और फसलों को नुकसान पहुंचाकर ग्रामीणों की कमर तोड़ दी है. लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोग रात में घर से निकलने से डर रहे हैं. अब लोगों की नजरें प्रशासन और वन विभाग पर टिकी है.




