जमशेदपुर : झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में सख्ती बढ़ाए जाने के बीच कपाली ओपी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. वर्ष 2017 से फरार चल रहे वारंटी मोहम्मद अल्तमस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. इस संबंध में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के स्पष्ट निर्देश पर नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत लंबे समय से फरार वारंटियों, कांड के अभियुक्तों और दागियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है. (नीचे भी पढे़ं)
ओपी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अल्तमस 25 वर्षीय है. वह मूल रूप से चाईबासा के गरीब कॉलोनी, धोबी तालाब क्षेत्र का निवासी है. वर्ष 2017 में उसके खिलाफ जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया था. तभी से वह पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा. हाल के दिनों में वह कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत अल-कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास छिपकर रह रहा था, जहां से उसे गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया. (नीचे भी पढे़ं)
धीरंजन कुमार ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है. किसी भी तरह से कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने क्षेत्र के सभी फरार वारंटियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वयं न्यायालय में उपस्थित होकर जमानत ले लें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त पुलिस कार्रवाई की जाएगी. कपाली ओपी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. छापेमारी दल में ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के साथ शास्त्रबल के जवान शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है.



