जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह ओपी पुलिस ने हथियार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लक्ष्मण नगर काली मंदिर के पास अपराधियों एक युवक को देसी कट्टा के बट से मारकर घायल कर दिया है. सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से दोनों युवकों को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश रजक और आकाश कुमार गिरी के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़े)

तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और अलग-अलग बोर के 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ उलीडीह ओपी में कांड दर्ज कर लिया गया है और उन पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं. वैसे मामले में एक और अपराधी शामिल है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है. फिलहाल पुलिस दोनों से आगे की पूछताछ कर रही है और इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.







