जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदी टेंट हाउस के गोदाम (संडे मार्केट) में शनिवार सुबह 7 शॉर्ट सर्किट्स से अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा. घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी गई. आग पर काबू पाने के लिए टाटा मोटर्स की एक दमकल गाड़ी तथा एक सरकारी दमकल को लगाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया. आग लगने से गोदाम में रखे टेंट, कुर्सियां, साउंड सिस्टम, सजावटी सामग्री सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया, जिससे टेंट हाउस संचालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.


















