जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र के भेलाइडीह गांव निवासी 38 वर्षीय रामदास के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार राम दास अपने पांच दोस्तों के साथ चेन्नई में एक चेसिस पहुंचाने गया था. वापसी के दौरान भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से उसके अचानक गायब होने की सूचना पर परिजनों में हड़कंप मच गया. परिजनों ने कोवाली पुलिस की मदद से भुवनेश्वर पहुंचकर करीब 15 दिनों तक स्टेशन और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका. मामले को गंभीरता से लेते हुए कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने थाना के एसआइ सिदो मुर्मू को रामदास के दोस्तों और परिजनों के साथ भुवनेश्वर रवाना किया. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के क्रम में स्टेशन प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गए, जिसमें राम दास आखिरी बार प्लेटफार्म पर नजर आए हैं. फुटेज में वह अकेले चलते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि इसके बाद उनकी गतिविधियों का कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है. दोस्तों के अनुसार, यात्रा के दौरान रामदास की मानसिक स्थिति अचानक बिगड़ गई थी. उनका व्यवहार असामान्य हो गया था, जिसके बाद वह स्टेशन पर कहां चले गए, इसकी जानकारी किसी को नहीं है. परिजन, दोस्त और कोवाली पुलिस की टीम फिलहाल भुवनेश्वर में ही डेरा डाले हुए है और संभावित स्थानों पर तलाश जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
कोवाली पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल से समन्वय स्थापित कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पुलिस ने आम लोगों से रामदास के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करने की अपील की है.



