जमशेदपुर : जमशेदपुर में सोमवार रात करीब 9 बजे मोदी पार्क और कॉन्वेंट स्कूल के बीच दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में बर्मामाइंस निवासी लगभग 45 वर्षीय गजेंद्र यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल टाटा मैन हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गजेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार दूसरे युवक की स्थिति नाजुक है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय एक बाइक कथित रूप से गलत दिशा से आ रही थी. हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना के लिए किस चालक की लापरवाही जिम्मेदार थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. बताया जाता है कि गजेंद्र यादव पेशे से वैन चालक थे और उनके परिवार में तीन बेटियां हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए. पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.














