जमशेदपुर : निकाय चुनाव के दौरान जमशेदपुर की राजनीति में दल-बदल का दौर जारी है. इसी कड़ी में सोनारी निवासी और लंबे समय से बीजेपी से जुड़े कार्यकर्ता अमित कुमार दास ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है. उनके इस कदम को स्थानीय राजनीति में बीजेपी के लिए एक झटके के रूप में देखा जा रहा है. बताया जाता है कि अमित कुमार दास काफी समय से पार्टी के भीतर खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे. उन्होंने वर्षों तक बीजेपी के लिए सक्रिय रूप से काम किया, लेकिन उन्हें वह प्रतिष्ठा और सम्मान नहीं मिल पाया जिसकी उन्हें अपेक्षा थी. इसी नाराजगी के चलते उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया. सूत्रों के अनुसार, अमित कुमार दास कांग्रेस नेता बन्ने गुप्ता से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हुए हैं. कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि अब वे पूरी निष्ठा और कर्मठता के साथ पार्टी के लिए काम करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने में अपना योगदान देंगे. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि अमित कुमार दास पहले बीजेपी नेता नीरज सिंह के करीबी माने जाते थे और उनके साथ मिलकर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे. लेकिन बदलते राजनीतिक हालात और व्यक्तिगत असंतोष के कारण उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली. निकाय चुनाव से ठीक पहले कई कार्यकर्ताओं का एक पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल होना आम बात मानी जाती है, लेकिन अमित कुमार दास जैसे पुराने और सक्रिय कार्यकर्ता का बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में जाना स्थानीय सियासी समीकरणों पर असर डाल सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि निकाय चुनाव के मद्देनजर इस तरह के घटनाक्रम आने वाले दिनों में और भी देखने को मिल सकते हैं, जिससे शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है.














