रामगोपाल जेना, सोनुआ:सोनुआ अंचल कार्यालय में अस्थायी रूप से कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर जवाहरलाल दास पर बालू लदे ट्रैक्टर चालकों से मारपीट और अवैध वसूली करने का आरोप लगा है. घटना होली के दिन 4 मार्च की शाम की है. इस मामले को लेकर ट्रैक्टर मालिकों और चालकों में भारी आक्रोश देखा गया. जानकारी के अनुसार, अंचल कार्यालय में संविदा पर कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर जवाहरलाल दास नशे की हालत में सोनुआ-गुदड़ी मार्ग पर बालू लेकर जा रहे ट्रैक्टरों को रोककर चालकों से मारपीट करने लगे और उनसे अवैध रूप से हजारों रुपये की वसूली करने का आरोप लगाया है. इतना ही नहीं, कुछ ट्रैक्टरों के टायर की हवा निकाल दी गई और एक ट्रैक्टर की बैटरी भी खोलकर अपने साथ ले जाने का आरोप भी लगाया है.(नीचे भी पढ़े)

एक चालक ने यह भी आरोप लगाया कि कम्प्यूटर ऑपरेटर ने उससे यूपीआई के माध्यम से भी पैसे लिए हैं.घटना के विरोध में गुरुवार को सोनुआ और गुदड़ी क्षेत्र के दर्जनों ट्रैक्टर मालिक और चालक अंचल कार्यालय पहुंच गए और सीओ के समक्ष विरोध जताते हुए हंगामा किया. इस दौरान उन्होंने कम्प्यूटर ऑपरेटर को हटाने की मांग करते हुए अंचल कार्यालय का घेराव किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ के हस्तक्षेप से स्थिति को शांत कराया गया. बताया गया कि ट्रैक्टर चालकों से लिए गए रुपये और बैटरी को भी वापस कराया गया. सीओ ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से दी जाएगी और कम्प्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला और चर्चा में आ गया है.







