जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की नव निर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मानगो क्षेत्र की सभी माताओं, बहनों एवं बेटियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. इस संबंध में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में श्रीमती गुप्ता ने कहा है कि महिलाएं केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला हैं. उन्होंने कहा कि हमारे संस्कार, हमारी संस्कृति और हमारे समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि यह दिन हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और सशक्त वातावरण प्रदान करने का निरंतर प्रयास करते रहेंगे. मानगो की हर बेटी को शिक्षा, हर महिला को सम्मान और हर मां-बहन को सुरक्षित व स्वावलंबी जीवन मिले, यही उनका लक्ष्य है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि मानगो नगर निगम में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा, ताकि हमारी माता-बहनें गर्व के साथ आगे बढ़ सकें. उन्होंने इस महिला दिवस के अवसर पर मिल कर सशक्त, सुरक्षित एवं सम्मानित समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी हैं.







