जमशेदपुर: सरायकेला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में राजनगर प्रखंड के वीएलडब्ल्यू गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना प्रखंड कार्यालय के समीप की बताई जा रही है, जहां अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार सबरम उरांव (56) सरायकेला प्रखंड कार्यालय के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक स्कॉर्पियो वाहन में फंस गई और वाहन कुछ दूरी तक उसे घसीटते हुए ले गया. इस घटना में सबरम उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए.(नीचे भी पढ़े)
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि हादसे में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं.बताया जाता है कि सबरम उरांव ईचागढ़ प्रखंड के बूढ़ालांग गांव के निवासी हैं और वर्तमान में राजनगर प्रखंड में वीएलडब्ल्यू के पद पर कार्यरत हैं. शनिवार को वे एक बैठक में शामिल होने के लिए सरायकेला आए हुए थे. बैठक खत्म होने के बाद वे बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन की पहचान करने और चालक को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है. वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है.







