सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में इन दिनों मुर्गी पालन के क्षेत्र में एक खास नस्ल की मुर्गी चर्चा का विषय बनी हुई है. इस नस्ल का नाम व्हाइट लेगहॉर्न है, जिसे गांवों में आम बोलचाल की भाषा में ‘पुलेट’ कहा जाता है. आमतौर पर यह नस्ल केरल जैसे दक्षिणी राज्यों में ज्यादा पाई जाती है, लेकिन अब सरायकेला जिले में भी इसका सफलतापूर्वक पालन किया जा रहा है. स्थानीय किसान और पशुपालक इस नस्ल की मुर्गियां पालकर अच्छी आमदनी कर रहे हैं. सरायकेला के मुर्गी पालक रमेश द्विवेदी बताते हैं कि व्हाइट लेगहॉर्न नस्ल की मुर्गियां सामान्य मुर्गियों की तुलना में काफी बेहतर मानी जाती हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मुर्गी लगभग 18 से 24 महीनों तक लगातार रोज एक अंडा देती है. इसी वजह से मुर्गी पालन करने वाले किसानों के लिए यह नस्ल काफी फायदेमंद साबित हो रही है. नियमित अंडा उत्पादन होने के कारण किसानों को स्थायी आय का अच्छा स्रोत मिल जाता है. शार्प भारत संवाददाता से खास बातचीत में रमेश द्विवेदी ने बताया कि इस नस्ल की मुर्गियों को पालना ज्यादा कठिन नहीं है. इनके खान-पान में भी कोई विशेष बदलाव की जरूरत नहीं पड़ती. (नीचे भी पढ़ें)
इन्हें वही सामान्य दाना और भोजन दिया जाता है जो अन्य मुर्गियों को दिया जाता है. इससे किसानों को अलग से अधिक खर्च भी नहीं करना पड़ता. हालांकि, इनके पालन में एक बात का विशेष ध्यान रखना जरूरी होता है. इनके रहने के लिए बनाए गए शेड या घर में तापमान का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी होता है. यदि तापमान सही बना रहे तो मुर्गियां स्वस्थ रहती हैं और लगातार अंडे देती रहती हैं. इसके साथ ही साफ-सफाई और सही देखभाल भी जरूरी है, जिससे इनके पालन में किसी तरह की परेशानी नहीं होती. पशुपालन से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि अगर किसान नई और अच्छी नस्लों की मुर्गियों को अपनाएं तो ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं. सरायकेला जिले में व्हाइट लेगहॉर्न मुर्गी पालन इसका एक अच्छा उदाहरण बनता जा रहा है, जिससे किसानों की आय बढ़ रही है और मुर्गी पालन का व्यवसाय भी तेजी से आगे बढ़ रहा.
















