सरायकेला / जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां के नीमडीह थाना क्षेत्र के कल्याणपुर कीलेटर गांव निवासी भिरगू राम महतो (49) को हाथी ने सूंड से उठा कर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गये. उनके कमर, हाथ और जांघ में काफी गंभीर चोट लगी है. उन्हें इलाज के लिए पहले नीमडीह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमजीएम रेफर कर दिया गया. घटना की जानकारी देते हुए भिरगू राम ने बताया कि वह किसान है. गांव में ही खेती करते है. गुरुवार शाम वे खेत में सब्जी पटा रहे थे, तभी पीछे से हाथी आकर उनको सूंड से उठाकर पटक दिया. शोर सुनकर ग्रामीण जुट गये. तभी परिजनों ने उन्हें पहले नीमडीह अस्पताल पहुंचाया, जहां गुरुवार देर रात उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. फिलहाल घायल का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. वहीं उन्होंने इसकी जानकारी वन विभाग को दे दी है. वहीं गांव में हाथी के आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.














