पटमदा : पटमदा प्रखंड के बिड़रा पंचायत अंतर्गत डांगा गांव में बुधवार सुबह उस समय कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया, जब गांव के पास एक जहरीला नाग दिखाई दिया. हालांकि पंचायत के उपमुखिया गोपाल गोराई की तत्परता और सूझबूझ से सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे खतरा टल गया. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9 बजे कमलपुर थाना के आगे दंतिया जुड़िया के पास सड़क पार करते समय स्थानीय लोगों की नजर एक नाग पर पड़ी. सांप को देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हो गए. किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरत इसकी सूचना बिड़रा पंचायत के उपमुखिया गोपाल गोराई को दी. सूचना मिलते ही गोपाल गोराई मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ सांप को पकड़ कर एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर लिया. इस दौरान सांप को देखने के लिए आसपास के लोगों की काफी भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने भी उप मुखिया की इस पहल की सराहना की. (नीचे भी पढ़ें)
बाद में गोपाल गोराई ने सांप को ले जाकर माचा जंगल के प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया, ताकि वह किसी को नुकसान पहुंचाए बिना अपने प्राकृतिक आवास में रह सके. घटना के दौरान राखाल महतो, शुभेंदु महतो और दीपक समेत कई ग्रामीण मौके पर मौजूद थे. ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते सांप को पकड़ लिया गया, जिससे कोई दुर्घटना होने से बचाव हो गया. वहीं लोगों ने वन्यजीवों को सुरक्षित बचाने की इस पहल को सराहनीय बताया.






