जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल कनिष्ठ आवासीय चिकित्सक (गैर शैक्षणिक) के 47 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है. इन पदों पर नियुक्ति अधिकतम एक वर्ष की अवधि के लिए की जाएगी. जारी सूचना के अनुसार इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 23 मार्च तक आवेदन जमा कर सकते हैं. प्राप्त आवेदनों के आधार पर 24 मार्च को अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी. इसके बाद 25 मार्च को चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की परामर्श प्रक्रिया आयोजित की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
परामर्श प्रक्रिया के बाद चयनित चिकित्सकों को अस्पताल के विभिन्न विभागों में तैनात किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इन पदों पर नियुक्ति से अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को काफी हद तक दूर करने में मदद मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा. (नीचे भी पढ़ें)
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम, 1956 के तहत मान्यता प्राप्त चिकित्सीय योग्यता होना अनिवार्य है. अभ्यर्थी के पास चिकित्सा स्नातक (एमबीबीएस) की डिग्री होनी चाहिए. साथ ही यह डिग्री नेशनल मेडिकल कमीशन द्वारा मान्यता प्राप्त किसी चिकित्सा महाविद्यालय से प्राप्त की गई होनी चाहिए. अस्पताल प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करें और प्रमाण पत्र जांच व परामर्श प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर उपस्थित हों.






