जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में गुरुवार को एक पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. घरेलू कहासुनी के दौरान चाचा ने अपने ही भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय ऋषि तिवारी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि किसी घरेलू बात को लेकर चाचा और भतीजे के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई. इसी दौरान गुस्से में आकर चाचा ने भतीजे पर चाकू से वार कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
हमले में घायल ऋषि तिवारी को स्थानीय लोगों की मदद से (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली घरेलू विवाद के कारण हुई इस घटना से इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.






